दो सौ रुपये में जेएनयू वीसी के घर आई मिलन की बेला

नई दिल्ली जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर अक्सर विवादों में रहता है। इस बार जेएनयू कुलपति प्रो. एम जगदीश कुमार का सरकारी बंगला चर्चा का कारण बना है। 


दरअसल कुलपति के बंगले पर एक ऐसा कार्यक्रम रख दिया, जिसमें प्रवेश के लिए लोगों से 100 से दो सौ रुपये का टिकट लेना होगा। आई मिलन की बेला... कार्यक्रम की थीम ब्राइड ऑफ इंडिया है। इसमें भारतीय दुल्हन के विभिन्न रूप नजर आएंगे।

विश्वविद्यालय परिसर में एक ओर छात्र नए हॉस्टल नियमों के विरोध में पिछले 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं कुलपति आवास में भारतीय दुल्हन का रैंप शो आयोजित करने की तैयारी जोरों पर हैं। 2018 में जेएनयू वूमन क्लब बनाया गया था। 

इसमें कुलपति की पत्नी के साथ अन्य शिक्षकों की पत्नियां सदस्य हैं। आए दिन यह क्लब कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। इस बार कुलपति के सरकारी आवास पर इस प्रकार का शो आयोजित हो रहा है। 

सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र खूब वायरल हो रहा है। इससें छात्रों में भी काफी नाराजगी है। छात्रों का कहना है कि सरकारी आवास में इस प्रकार टिकट के जरिए एंट्री और शो कराना गैर जिम्मेदाराना है। शो में अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। जबकि छात्र हॉस्टल में फीस बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं।